Tuesday 25 June 2019

खाई में गिरने से 5 लोगों की हुई मौत वहीँ कई लोग हुए घायल

मंगलवार की पहले सुबह करीब ढाई बजे गढ़वा-अंबिकापुर मार्ग में सदर थाना क्षेत्र के अन्नराज घाटी में यात्रियों से भरी पोपुलर नामक यात्री बस अनियंत्रित होकर करीब 50 फीट नीचे गहरी खाई में जा गिरी। इस घटना में चार लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं एक घायल छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर निवासी प्रमोद गुप्ता 55 वर्ष की मौत सदर अस्पताल में इलाज के दौरान हो गई। इस घटना में 45 लोग घायल हुए हैं। इनमें दो दर्जन से अधिक घायलों की स्थिति को गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची रेफर कर दिया।

बस के चालक को झपकी आ जाना इस घटना का कारण बताया जा रहा है। बस में करीब 60 लोग सवार थे तथा बस छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर से बिहार के सासाराम जा रही थी। घटना के बाद बस का चालक तथा खलासी मौके से फरार बताए जा रहे हैं। घटना को लेकर मुख्‍यमंत्री रघुवर दास ने दुख जताया है। उन्‍होंने कहा है कि गढ़वा में सड़क हादसे की खबर से मन व्यथित है। दुर्घटना में मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।

इस दुर्घटना में छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर निवासी प्रमोद गुप्ता व इनकी पत्नी लबली गुप्ता, सुसीगंज थाना छत्तरपुर पलामू के अभिषेक कुमार पिता पिंटू जायसवाल तथा पलामू जिले के उंटारी रोड थाना क्षेत्र के जोगा निवासी सुनीता पाठक पति अजय पाठक की मौत हो गई है। वहीं एक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। मंगलवार की पहले सुबह खाई में लहराते हुए बस के गिरने के बाद उसमें सवार घायल यात्रियों के चित्कार से अन्नराज घाटी अचानक थर्रा उठा।

इस घटना की जानकारी मिलते ही घाटी के निकट रहने वाले ग्रामीणों की भीड़ घायलों के सहयोग में जुट गई। ग्रामीणों द्वारा इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही एसपी शिवानी तिवारी, अभियान एसपी सदन कुमार तथा सीआरपीएफ 172 बटालियन के कमांडेंट मुरारी झा अविलंब बड़ी संख्या में जवानों को राहत कार्य के लिए अन्नराज घाटी भेजा।

साथ ही उक्त अधिकारीगण सदर अस्पताल पहुंचकर घायलों के इलाज में मदद की। घटना की सूचना मिलने के बाद उपायुक्त हर्ष मंगला, अनुमंडल पदाधिकारी प्रदीप कुमार भी अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना। वहीं घायलों के इलाज में सिविल सर्जन डॉ. नंद किशोर रजक, डीएस डॉ. रागिनी अग्रवाल, डॉ. अमित कुमार, डॉ. एसके रमण, डॉ. आरके तरुण, डॉ. टी पीयूष समेत बड़ी संख्या में चिकित्सक व चिकित्साकर्मी जुटे रहे। 
गौरतलब है कि इससे पहले 20 जून को हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में एक प्राइवेट बस गहरी खाई में गिर गई थी जिसमें लगभग 30 लोगों की मौत हो गई थी। साथ ही 40 लोग घायल हो गए थे। यह हादसा कुल्लू से करीब 50 किलोमीटर दूर स्थित बंजार के पास हुआ था। दरअसल, बस में क्षमता से अधिक लोग सवार हो गए थे। बस की छत पर भी यात्री बैठे हुए थे।

No comments:

Post a Comment