Monday 1 July 2019

अयोध्या में किसान की गला रेत कर हत्या

अयोध्या जिले में ताबड़तोड़ कत्ल की वारदातों का खौफनाक सिलसिला जारी है ,पुलिस एक वारदात का वर्कआउट भी नहीं कर पाती है कि एक और जघन्य वारदात से हड़कंप मच जाता है। लगातार हो रही कत्ल की वारदातों की फेहरिस्त में एक और नाम जुड़ गया है और इस बार भी कत्ल की वारदात मवई इलाके में ही हुई है। जहां पर एक किसान की गला काटकर निर्मम हत्या कर दी गई है। वारदात को अज्ञात हत्यारों ने उस समय अंजाम दिया जब 55 साल का किसान अपने खेत की रखवाली करने के लिए देर रात खेत में पहुंचा था और खाट पर सो रहा था। उसी समय अज्ञात हत्यारों ने बेहद बेरहमी से किसान का गला काटकर अलग कर दिया और फरार हो गए। फिलहाल पुलिस जांच में जुट गयी है।

मामला थाना मवई थाने के कसारी गांव का है। वारदात की खबर सुबह उस समय लोगों को हुई जब किसान वापस घर नहीं पहुंचा और घर के लोग उसे ढूंढते हुए खेत तक पहुंचे | थाना क्षेत्र के कसारी ग्राम सभा के पूरे भैसन का पुरवा के रहने वाले राजबली यादव का अज्ञात हमलावरों ने कत्ल कर दिया। रविवार रात 9:00 बजे किसान राजबली खाना खाने के बाद अपने खेत की रखवाली करने के लिए खेत में गए था। अक्सर किसान राजबली खेत में ही सोते भी थे। अचानक देर रात किसी ने धारदार हथियार से गला काटकर उनका कत्ल कर दिया और फरार हो गए। फिलहाल मामले की जांच पुलिस ने शुरू कर दी है। बताते चलें कि 4 महीने पहले भी कसारी गांव में हत्या की वारदात हुई थी जिसका अभी तक पुलिस वर्क आउट नहीं कर पाई है | वहीं एक और हत्या की वारदात ने पुलिस सिस्टम पर सवाल उठा दिया है।

No comments:

Post a Comment